
चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिला के मझगांव थाना अंतर्गत खडपोस गांव में कर्नाटक में हिजाब मामले पर चल रहे विवाद पर हिजाब को लेकर फेसबुक में की गई विवादित टिप्पणी के बाद तनाव उत्पन्न हो गया है. इस फेसबुक पर टिप्पणी के बाद आक्रोशित लोगों ने फेसबुक पर पोस्ट करने वाले युवक के घर पहुंच कर झगड़ा-विवाद प्रारम्भ कर दिया. स्थिति बिगड़ने की आशंका से इस घटना की जानकारी थाना प्रभारी विकास दुबे को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस तत्परता से मौके पर पहुंच गई. दोनों समुदाय के लोगों को मझगांव थाना में बुलाकर बैठक किया गया. बैठक में दोनों पक्षों को समझाया गया कि शांति व्यवस्था बिगड़ने पर इसका खामियाजा उन्हें ही भुगतना पड़ेगा. विवाद और तनाव से रोजगार और आवागमन बाधित होगा. पुलिस ने उन्माद फैलाकर दंगा भड़काने पर दोनों पक्षों के लोगों को जेल भेजने की चेतावनी दी. लगभग एक घंटे से ज्यादा चली बैठक में दोनों पक्षों में सहमति हुई कि भविष्य में क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए किसी प्रकार की अफवाह में नहीं पड़ेंगे और देश में चल रहे किसी मुद्दे पर स्थानीय स्तर पर आपस में नहीं लड़ेंगे.







