
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. सोनारी पुलिस ने शिवलाल बस्ती में लूट की योजना बनाते पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किए गए अपराधियों में शिवलाल बस्ती निवासी संजू प्रसाद उर्फ नंदन प्रसाद, राजा लहरी, विशाल साहू उर्फ पकोड़ी, विशेष त्रिपाठी उर्फ छोटू पंडित और सिदगोड़ा बागुननगर निवासी दीपक प्रसाद शामिल है. पुलिस ने संजू के पास से दो गोली लोडेड एक देसी पिस्टल, राजा लहरी के पास से एक भुजाली, दीपक के पास से एक स्टील का रॉड और पकोड़ी के पास से एक कुल्हाड़ी बरामद की है. पुलिस को एक पुराने आर्म्स एक्ट मामले में भी संजू की तलाश थी. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शिवलाल बस्ती में कुछ युवक लूट की योजना को अंजाम देने की फिराक में है. सूचना मिलते ही पुलिस ने एक टीम का गठन किया और छापेमारी की. छापेमारी के दौरान ही पांचों को गिरफ्तार कर लिया गया.






