
जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुबिली पार्क के मुगल गार्डेन के बोर्ड पर मुगल नाम पर कालीख पोतने के मामले के दो आरोपी अमित यादव और विक्की यादव को झारखंड हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत दे दी गयी. जस्टिस अनिल कुमार चौधरी की अदालत ने उनको अग्रिम जमानत प्रदान की. इस पर अमित यादव और विक्की यादव ने कहा है कि जिला प्रशासन ने मुगली फरमान चलाने का प्रयास किया था और यह मुकदमा दर्ज किया था. हाईकोर्ट का आदेश स्वागत योग्य है. आपको बता दें कि बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के जुबिली पार्क स्थित मुगल गार्डेन के बोर्ड पर युवकों ने अक्टूबर 2021 को कालीख पोत दी थी. इस मामले को लेकर बिष्टुपुर थाना के सहायक अवर निरीक्षक राजेश कुमार सिंह के बयान पर कदमा भाटिया बस्ती निवासी प्रिंस कुमार, कदमा उलियान निवासी विक्की यादव, कदमा रंकिणी मंदिर के पीछे रहने वाले दीपक विश्वास समेत 15 से 20 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआइआर दायर किया गया था. इस मामले को लेकर धार्मिक भावना भड़काने का आरोप लगाया गया था. लेकिन बुधवार को इस मामले के एक आरोपी को जमानत दे दी गयी.






