
जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम थाना अंतर्गत तुरियाबेड़ा स्थित एक मेडिकल दुकान में दुकानदार प्रवीण चटर्जी का शव फंदे से लटका पाया गया. प्रवीण उलीडीह थाना क्षेत्र के डिमना बस्ती का रहने वाला था. एमजीएम थाना क्षेत्र के डिमना बस्ती में उसकी एक मेडिकल की दुकान है. प्रवीण बीते 28 जनवरी से ही लापता था. परिजनों ने 2 फरवरी को उलीडीह थाने में प्रवीण के लापता होने की सनहा दर्ज कराई थी. (नीचे देखे पूरी खबर)

पुलिस तब से ही प्रवीण की तलाश कर रही थी. एमजीएम थाना प्रभारी मिथलेश कुमार ने बताया कि दुकान से दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत की थी. शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची. दुकान का शटर अंदर से बंद था. पुलिस ने किसी तरह शटर का ताला तोड़ा और शटर को खोला. अंदर प्रवीण का शव पंखे से लटका हुआ था. पुलिस ने शव को फंदे से उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इस मामले में परिजनों के बयान पर आस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया गया है.




