
जमशेदपुर : झारखंड के झरिया के इंदिरा चौक के पास बुधवार की देर रात लगभग सवा एक बजे एक बस पलट गयी. यह बस शंकर पार्वती जमशेदपुर से खुली थी, जिसको बिहार के भागलपुर पहुंचना था कि रास्ते में ही यह हादसा हो गया. बस वातानुकूलित (एसी) थी. बस धनबाद होते हुए देवघर होते हुए भागलपुर की ओर जा रही थी कि रास्ते में झरिया के पास इंदिरा चौक पर बस टर्न लेते वक्त पलट गयी, जिसमें करीब एक दर्जन से अधिक यात्रियों को चोटें आयी है. इस घटना के बाद सड़क पर रात के वक्त होने के कारण कम ही लोग थे. घटना के बाद चालक, कंडक्टर और खलासी यात्रियों को उनके हाल पर छोड़कर भाग निकले. बाद में किसी तरह स्थानीय लोगों ने यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर दौड़े और घायलों को बस के अंदर से निकालने की कवायद शुरू की गयी. घटना की सूचना मिलने के बाद झरिया थाना प्रभारी पीके झा दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. घायलों को तत्काल एम्बुलेंस से झरिया के दो अलग-अलग नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. यात्रियों को बस के आगे और पीछे का शीशा तोड़कर किसी तरह निकाला जा सका. बताया जाता है कि जब बस पलटा तब टेम्पो और जीप भी बगल में था, जो उसकी चपेट में आ गया. टेम्पो और जीप चालक को भी चोटें आयी है, जिसका इलाज चल रहा है. कई यात्रियों को धनबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घायलों पर नजर रखी जा रही है. परिजनों को घटना की सूचा दे दी गयी है.






