बोकारो : झारखंड के बोकारो के इंडियन बैंक के गुरुद्वारा चास ब्रांच में डकैतों ने एक साथ 40 लाख रुपये की डकैती कर ली. बैंक में हुई डकैती के कारण सनसनी फैल गयी है. बताया जाता है कि करीब 6 अपराधियों का दल योजनाबद्ध तरीके से पहले बैंक में घुसे. सारे लोगों के पास जिंदा बम और पिस्तौल भी था. इन लोगों ने सबसे पहले घुसते ही पूरे बैंक के सीसीटीवी के कनेक्शन को काट दिया. सिर्फ सड़क पर जो सीसीटीवी लगा था, वह चालू रह गया था, जिसमें वे लोग घुसते हुए साफ तौर पर देखे जा सकते है. सारे छह लोग बैंक में घुसे और बम और पिस्तौल को दिखाकर बैंक में मौजूद ग्राहकों और कर्मचारियों को पहले अपने कब्जे में ले लिया. इसके बाद सबको बाथरुम में ले जाकर बंद कर दिया. इसके बाद बैंक के चेस्ट में रखे गये रुपयों को जब्त किया. चेस्ट की चाभी भी कर्मचारियों से ही इन लोगों ने ली और करीब 40 लाख रुपये लेकर वे लोग आसानी से बाहर खड़ी बाइक पर सवार होकर भाग निकले. इस घटना के बाद सनसनी फैल गयी है. वैसे असल आंकड़ों का पता लगाया जा रहा है. इस घटना के दौरान सभी के मोबाइल फोन को भी अपराधियों ने ले लिया था, जिसको जाते वक्त वहीं छोड़ गये. बताया जाता है कि वे लोग पूरी योजना के साथ वहां आये थे. इस घटना के बाद बाथरुम का दरवाजा तोड़कर सारे कर्मचारी बाहर निकले तो पुलिस को सूचित किया गया और पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस मामले की जांच कर रही है. यह घटना दिनदहाड़े करीब 1 बजे अंजाम दिया गया, जिसके बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गयी है.







