
जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन के सेकेंड इंट्री गेट (बर्मामाइंस) से बच्चा चोरी होने को लेकर रेलवे पुलिस को आंशिक सफलता मिली है. उसी शख्स से मिलता जुलता चेहरा को रांची से पकड़ा गया है, जिसके पास एक बच्चा था. रेल पुलिस अब उक्त बच्चा की पहचान करने में जुटी हुई है. वहीं, युवक वहीं है या नहीं, इसका क्रास चेक किया जा रहा है. रेलवे पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. इसके लिए जमशेदपुर के सिटी पुलिस की भी मदद पुलिस ले रही है ताकि अपराधी की पहचान कर ली जाये. आपको बता दें कि टाटानगर रेलवे स्टेशन में भीख मांगकर गुजारा करने वाली महिला मायामनी टुडू अपने ओड़िशा के मयूरभंज से अपने मायके से लौटी थी. उसकी दोस्ती किसी व्यक्ति से हो गयी. उस व्यक्ति को उक्त महिला ने सात माह का अपना बच्चा को उसके गोद में दे दिया और खुद शौच के लिए चली गयी. शौच करने के बाद जब वह महिला लौटी तो बच्चा को गायब पाया. इसके बाद इस संबंध में एक एफआइआर दायर किया गया. सीसीटीवी फुटेज में एक आरोपी साफ तौर पर देखा जा रहा है कि वह कहां आया और कहा गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है. इसको लेकर एक टीम को सक्रिय किया गया है. दूसरी ओर, इस मामले में आरपीएफ पोस्ट के निरीक्षक सह थाना प्रभारी एसके तिवारी को हटा दिया गया है. यह माना गया है कि आरपीएफ की चूक के कारण इस तरह की घटना घटी है. जोनल आइजी डीबी कसार ने इससे पहले भी पोस्ट में कई गड़बड़ियां पायी थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गयी है. इसके पूर्व भी स्वतंत्रता दिवस के दौरान टाटा पहुंचे आईजी ने सुरक्षा में कई खामियां देखी थी. तब उन्होंने थाना प्रभारी को सचेत किया था. दो दिन पूर्व भी औचक दौरे में आईजी टाटानगर आये थे. तब भी सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए थे. बावजूद उसके सेकेंड एंट्री से बच्चे की चोरी होने की घटना को उन्होंने सीधे तौर पर सुरक्षा में लापरवाही माना और थाना प्रभारी को हटाने का आदेश दिया. अब उनकी जगह सीकेपी कंट्रोल से गौतम प्रसाद गांधी को टाटानगर का प्रभार दिया गया है. उनको तत्काल प्रभाव से कामकाज संभालने को कहा गया है.







