जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोविंदपुर थानांतर्गत खकरीपाड़ा रोड शंकरपुर निवासी दिलीप कुमार सिंह के घर का ग्रिल काटकर चोरों ने करीब 3 लाख रुपये के जेवर की चोरी कर ली. इस दौरान चोरों ने घर की एक महिला पर ईंट से हमला कर घायल कर दिया. घायल महिला को इलाज के लिये टीएमएच में भर्ती कराया गया है. हो-हल्ला होने पर पड़ोसी भी जाग गये थे. इसके बाद 100 नंबर डायल कर पुलिस को बुलाया और घटना की जानकारी दी गयी. बताया जाता है कि करीब 3 लाख रुपये तक के जेवरात की चोरी हुई है. (नीचे भी पढ़ें)
जानकारी के अनुसार चोर जब चोरी कर रहे थे, उसी दौरान घर की एक महिला की नींद खुल गयी. महिला ने एक चोर को पकड़ लिया, तब चोरों ने महिला पर ईंट से हमला कर दिया. बताया जाता है कि चोर 4 की संख्या में थे. घटना बीती रात करीब 2.30 बजे की बतायी जाती है. घायल महिला दिलीप कुमार सिंह की पत्नी है. चोरी गये सामान में सोने की दो चेन, दो जोडी सोने का झुमका, सोने की दो चूड़ी, सोने की चार नथिया, सोने का दो मंगटीका, सोने की चार अंगुठी, चांदी के छह सिक्के चोरों के हाथ लगे हैं.






