जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र में डायन बताकर एक विधवा से मारपीट करने का मामला सामने आया है. इसका विरोध करने पर महिला से छेड़खानी भी की गई. इस मामले में पीड़िता के बयान पर परसुडीह थाना में पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गई है. आरोपियो में परसुडीह के ही गदड़ा के रहने वाले बेथुला महतो, किरण महतो उर्फ गुणु, आशीष महतो उर्फ नंदू, चंदन पाल उर्फ चिंटू और ओझा गुनी शामिल है. पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसके पड़ोस की एक महिला इन दिनों बीमार है. उसी का बहाना बनाकर आरोपी दिन-दहाड़े उसके घर घुस गये और मारपीट करने लगे. महिला ने जब इसका विरोध किया तो उसके साथ छेड़खानी की गई. मामला थाना पहुंचने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद इस मामले में कार्रवाई की जाएगी.







