लोहरदगा : शहरी क्षेत्र के बीचोबीच स्थित एक ज्वेलरी दुकान में पिस्टल दिखाकर रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी को पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कौनोज कुरैशी पिता आजम कुरैशी के रूप में की गयी है। इस संदर्भ में अनुमंडलीय पुलिस पदाधिकारी बीएन सिंह ने प्रेसवार्ता आयोजित कर बताया कि लोहरदगा थाना अन्तर्गत चटपटी चौक, जुरिया रोड, मैना बगीचा स्थित, गायत्री ज्वेलर्स के व्यवसायी नितिश खत्री को अज्ञात अपराधी द्वारा बेखौफ पिस्टल दिखाकर रंगदारी की मांग की गयी तथा रंगदारी नहीं देने पर जान से हाथ धोने की धमकी की सूचना मिली। (नीचे भी पढ़ें)
सूचना प्राप्त होने पर लोहरदगा थाना द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए ज्वेलर्स दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरा के फुटेज को खंगाला गया। इस तरह अपराधी की पहचान की गयी तथा तीन घंटा के अंदर घटना का उद्भेदन करते हुए घटना में संलिप्त अपराधी को हिरासत में लिया गया। उसके पास से एक टॉय पिस्टल बरामद की गयी, जो देखने में बिल्कुल असली पिस्टल जैसी है। उसे देख कर कोई भी व्यक्ति भयभीत हो सकता है। एसडीपीओ ने बताया कि अभियुक्त का अपराधिक इतिहास रहा है। इस संदर्भ में लोहरदगा थाना मामला दर्ज किया गया है। आरोपी एक माह पूर्व ही जेल से बाहर आया था। छापामारी दल में अनिल कुमार, पंकज कुमार शर्मा, शैलेन्द्र कुमार, सुजित कुमार, सुकु सोरेन, अरविन्द कुमार शर्मा समेत अन्य शामिल थे।







