बोकारो : हत्या के मामले में फरार चल रहे अपराधी कौशल बिहारी ने अब व्हाट्सएप कॉल के जरिए लोहा व्यवसायियों को धमकी देना शुरू कर दिया है। कौशल बिहारी ने रंगदारी के रूप में 5 लाख की रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी है। हालांकि इस मामले में बीएस सिटी थाना पुलिस ने व्यवसाई रितेश सिंह की लिखित शिकायत पर मामला दर्ज किया है। (नीचे भी पढ़ें और वीडियो देखें)
फरार अपराधी कौशल बिहारी पर नर्सिंग होम संचालक से रंगदारी मांगने, हत्या सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। नर्सिंग होम में रंगदारी के लिए तोड़फोड़, मारपीट और हथियार के बल पर धमकी देने के मामले में वह जेल भी जा चुका है। जेल से निकलने के बाद कौशल बिहारी ने अपने साथियों के साथ मिलकर राजकुमार सिंह नामक युवक को बेरहमी से पीट-पीट कर मार डाला। उसी मामले में वह फरार चल रहा है। सिटी डीएसपी कुलदीप कुमार की मानें तो फरार अपराधी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। (नीचे भी पढ़ें और वीडियो देखें)
उन्होंने व्यवसायियों से अपील की है कि डरने की जरूरत नहीं है। वहीं पीड़ित रितेश कुमार सिंह ने बताया कि वह कुछ दिन पूर्व से उसके व्यवसायिक साझेदार रवि को फोन कर रहा था। जब उसने फोन नहीं उठाया तो उसने व्हाट्सएप कॉल के जरिए जान मारने की धमकी दी और भद्दी-भद्दी गाली देकर पांच लाख रुपये रंगदारी की मांग की। नहीं देने पर अंजाम भुगतने चेतावनी दी है। धमकी के बाद व्यवसाई रितेश सिंह खौफ में जीने को विवश हैं और पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगायी है।





