शार्प भारत पॉलिटिकल डेस्क
रांची : झारखंड में लोकसभा चुनाव को लेकर सियासी अंक गणित का खेल तेज है. इसी में हॉट सीट खूंटी भी इस बार है क्योंकि एक बार फिर से भाजपा ने खूंटी लोकसभा सीट से केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा को टिकट दिया है. वहीं, कांग्रेस ने यहां से फिर से एक बार कालीचरण मुंडा को टिकट दिया है. कालीचरण मुंडा कांग्रेस के पुराने नेता है और झारखंड सरकार के मंत्री रह चुके भाजपा नेता नीलकंठ सिंह मुंडा के बड़े भाई है. कालीचरण मुंडा तमाड़ से दो बार विधायक रहे है. उनके पिता टी मुचीराय मुंडा भी विधायक रहे थे. 2019 के चुनाव का आकलन किया जाये तो महज 1445 मतों से अर्जुन मुंडा चुनाव जीते थे. कालीचरण मुंडा को कुल 381193 वोट मिला था जबकि अर्जुन मुंडा को 382638 वोट मिले थे. 1445 मतों के अंतर को पाटने की कोशिश कांग्रेस करेगी. (नीचे भी पढ़ें)
वैसे खूंटी लोकसभा सीट भाजपा की परंपरागत सीट रही है. यहां से कड़िया मुंडा चुनाव जीतते रहे है. 2019 के चुनाव में पहली बार अर्जुन मुंडा को वहां से प्रत्याशी बनाया गया. बताया जाता है कि चुनाव जीतने के बाद अर्जुन मुंडा केंद्रीय मंत्री बने तो वे कम ही अपने लोकसभा क्षेत्र में आये. इसका असर उनके वोट बैंक में पड़ सकता है. कड़िया मुंडा की निष्क्रियता का भी असर पड़ सकता है. ऐसे में वहां कांटे की टक्कर है और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा भी संकट में पड़ सकते है. हालांकि, राजनीति में अर्जुन मुंडा को मंझा हुआ खिलाड़ी माना जाता है. अर्जुन मुंडा वर्ष 2003 में खरसवां से विधायक के तौर पर 35 साल की उम्र में मुख्यमंत्री बने. वे सितंबर 2006 में हट गये. इसके बाद फिर से 2009 में भाजपा ने उनको जमशेदपुर लोकसभा सीट से सांसद बनाया, जिसके बाद अगस्त 2010 में तीसरी बार मुख्यमंत्री बन गये, जिसके बाद वे लोकसभा से इस्तीफा दे दिया. लिहाजा, हर बार अर्जुन मुंडा खुद की जीत को सुनिश्चित करते रहे है. इतनी कड़ी टक्कर के बीच भी वे फिर से चुनाव मैदान में है.














