
चाईबासा : एसआर रुंगटा ग्रुप, चाईबासा की ओर से ग्रामीण क्षेत्र के राजकीयकृत मध्य विद्यालय कोकचो, प्रखण्ड तांतनगर के प्रांगण में ग्रुप के सुरेश पोद्दार (डीजीएम), किशन ठाकुर (सीएसआर) तथा विद्यालय के प्रधानाध्यापक उदय कुमार सिंह के द्वारा पहली से आठवीं कक्षा तक के सभी छात्र-छात्राओं के बीच 405 स्वेटरों का वितरण सीएसआर के तहत किया गया। एसआर रुंगटा ग्रुप के सुरेश पोद्दार (डीजीएम) ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं को शिक्षा के महत्व को बतलाते हुए कहा कि शिक्षा एक शक्तिशाली उपकरण है जो मनुष्य को सामाजिक, पारिवारिक, व्यक्तिगत समस्याओं को हल करने की क्षमता को निखारता है एवं गुणवतापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने के पश्चात व्यक्ति के व्यक्तित्व का विकास होता है। इसके साथ ही सुरेश पोद्दार ने शारीरिक व्यायाम, खेलकूद एवं वृक्षारोपण करने के बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए वृक्षारोपण का महत्व बतलाया और कहा कि पेड़-पौधों से ही मानव जीवन संभव है। क्योंकि मनुष्य हो या जंतु सभी पेड़-पौधों पर ही आश्रित हैं। हमें पेड़-पौधों को क्षति नहीं पहुंचानी चाहिए। विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने एसआर रुंगटा ग्रुप के द्वारा ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध कराये गये स्वेटर के लिए आभार प्रकट किया एवं कहा कि इससे बच्चों को विद्यालय के समय ठंड से राहत मिलेगी। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक उदय कुमार सिंह, रमेश कालुन्डिया, शिव शंकर सवैयां, अहमद कमरैन अर्शी, आशुतोष कुमार सिन्हा, यादव कालुन्डिया, गणेश चन्द्र पान, सत्येन्द्र नारायण सवैयां, सावित्री कुंकल, निता बेंजामिन समेत विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।








