
चाईबासा : जिला बार एसोसिएशन में कोर्ट फी टिकट (न्यायिक मुद्रांक) की उपलब्धता को लेकर बुधवार को जिला बार एसोसिएशन के महासचिव रामेश्वर प्रसाद एवं अधिवक्ता सह समाजसेवी राजाराम गुप्ता ने संयुक्त रूप से समाहरणालय में जिला कोषागार पदाधिकारी सुदामा कुमार से भेंटवार्ता की। रामेश्वर प्रसाद ने कहा कि पिछले चार माह से कोर्ट फी टिकट कोषागार द्वारा उपलब्ध नहीं कराए जाने से अधिवक्ताओं तथा आम लोगों को न्यायिक कार्यों के साथ-साथ खतियान एवं अन्य अभिप्रमाणित कॉपियां निकालने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर जिला कोषागार पदाधिकारी ने कहा कि उप निबंधक झारखंड रांची द्वारा चाईबासा कोषागार पर एक एवं पांच के पांच-पांच हजार टिकट उपलब्ध करा दिए गए हैं। वही प्रक्रिया पूर्ण कर कोर्ट के भेंडरो को टिकट उपलब्ध करा दिया जाएगा।उन्होंने कहा कि दो रुपए की टिकट उपलब्ध नहीं हो पाए हैं इसको लेकर जल्द ही उपनिबंधक रांची को टिकट उपलब्धता को लेकर पत्र दिया जाएगा। वही शुक्रवार से कोर्ट फी टिकट लोगों को मिलना शुरू हो जाएगी। गौरतलब है कि कोर्ट फी टिकट की उपलब्धता को लेकर पूर्व में अधिवक्ता राजाराम गुप्ता द्वारा राज्य सरकार से दो-दो बार पत्राचार किया था साथ ही जनसंवाद में भी शिकायत दर्ज कराई गई थी।






