
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड के गोहालडीह और मौकाबांधी सबर टोला में हाथियों का आतंक जारी है. बीती रात हाथियों के दल ने गांव में घुस कर कई घरों को तोड़ दिया. गांव में हाथियों के आने से ग्रामीण दहशत में हैं. हाथियों के भय से ग्रामीण रात भर अपने घरों से बाहर रहकर रतजगा कर रहे हैं. बीती रात हाथियों ने मौराबांधी सबर टोला के नकरू सबर, गुरा सबर, मनोज सबर, अंगध सबर और गोहालडीह सबर टोला के बंकोमसांग हांसदा और हेमंत सबर के घर के दरवाजा और छप्पर तोड़ दिया है. ग्रामीणों ने बताया कि मौराबांधी के नकरू सबर के घर पर कल कोई नहीं था. इस कारण वहां कुछ नहीं हुआ. हाथियों का दल उसके घर का दरवाजा तोड़ कर घर के अंदर प्रवेश कर गया था. ग्रामीणों ने बताया कि पिछले 4-5 दिनों से हाथियों द्वारा गांव में जमकर उत्पात मचाने के कारण ग्रामीण दिनभर घर में रहते हैं और शाम होते ही घर से बाहर रतजगा करने पर विवश हैं. बीती रात वन विभाग की टीम द्वारा हाथियों को गांव से भगाने का प्रयास किया गया, परंतु हाथी गांव से भागने का नाम नही ले रहे हैं.






