
संतोष वर्मा
चाईबासा : सिंहभूम की सांसद गीता कोड़ा की शिकायत सह मांग को गंभीरता से लेते हुए झारखंड बिजली वितरण निगम लिमाटेड के महाप्रबंधक मनीष मणि सिंह ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जगन्नाथपुर मुख्य बाजार सह एनएच 75 के किनारे लगाये जा रहे कंक्रीट सीमेंट पोल को हटा कर लोहे वाली एचबीएम खंभा लगाने का स्टेप एजेंसी को आदेश दिया. निगम द्वारा जारी आदेश के बाद सुरक्षा के मद्देनजर सांसद गीता कोड़ा द्वारा उठाये गये कदम पर संवेदक ने लोहे का एचबीएम खंबे को लगाया। इस कार्य से जगन्नाथपुर शहर वासियों नें सांसद गीता कोड़ा के प्रति आभार जताया और कहा कि सांसद का प्रयास जहां रंग लाया। वहीं अब लोग सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। ज्ञात हो कि 14 वर्ष बाद जगन्नाथपुर मार्केट फीडर को अलग बनाने का कार्य को पूर्ण करने के लिए झारखंड बिजली वितरण निगम लिमाटेड द्वारा स्टेप एजेंसी को 11 हजार वोल्टेज वाला तार बिछाने का कार्य दिया गया था। जिसमें बिजली के तार को बिछाने के लिए लोहे का एचबीएम खंभा लगाने का निर्देश दिया गया था, लेकिन संवेदक द्वारा कंक्रीट (सीमेंट) वाले पोल एनएच 75 जगन्नाथपुर के किनारे लगाये जा रहे थे। इस मामले को लेकर सिंहभूम की सांसद गीता कोड़ा ने सुरक्षा की दृष्टी से रोक लगाते हुए झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के महाप्रबंधक मनीष मणि सिंह को पत्र लिख कर मांग की थी. एचबीएम पोल लगने से जगन्नाथपुर शहरी क्षेत्र के लोगों में खुशी है, वहीं उन्होंने सांसद गीता कोड़ा के द्वारा कराये गये कार्य की सराहना भी की है।







