
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड और अंचल कार्यालय का शुक्रवार को विधायक समीर महंती ने औचक निरीक्षण किया. अचानक विधायक के आने से कार्यालय में हड़कंप मच गया. विधायक श्री महंती सर्वप्रथम नवनिर्मित भवन में शिफ्ट हुए प्रखंड कार्यालय पैदल ही पहुंचे और विभाग के पदाधिकारीयों के चैम्बर में गये.
चैम्बर में एक दो पदाधिकारी को छोड़ सभी अनुपस्थित थे. इस पर विधायक ने दूरभाष पर बीडीओ लेखराज नाग से बात कर जानकारी ली. विधायक ने दूरभाष पर बीडीओ से कहा कि वे सभी पदाधिकारी को चैम्बर में बैठने का आदेश करे. ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए. अगर दोबारा ऐसा पाया गया तो वे कार्रवाई करने की अनुशंसा करेंगे.
इसके पश्चात उन्होंने अंचल कार्यालय में जाकर निरीक्षण किया, वहां भी कुछ कर्मचारी ही पाये गये बाकी नदारद थे. सीओ अरविंद ओझा ने कहा कि सभी खाना खाने गये हैं. इस पर विधायक ने कहा कि खाना खाने में एक घंटा लगता है क्या, हेमंत सोरेन की सरकार में ऐसे काम नहीं चलेगा, सभी सुधर जायें. कहा कि उन्हें शिकायत मिली है कि प्रखंड के गाड़ियास गांव निवासी एक वृद्धा से किसी कर्मचारी द्वारा म्यूटेशन के नाम पर 5000 रुपये लिये गये हैं. कर्मचारी उक्त वृद्धा के रुपये लौटा दे और उसका काम जल्द विभाग द्वारा किया जाए.
कर्मचारी की शिकायत पाकर सीओ ने विधायक से कहा कि वे इस मामले पर कर्मचारी से बातकर मामले की जानकारी लेंगे. अगर कर्मचारी ने रुपये लिया है तो लौटवाएगें और सख्त आदेश देंगे कि कोई कर्मचारी किसी प्रकार के काम के लिए ग्रामीणों से रुपये न ले. उन्होंने कहा कि अगर किसी कर्मचारी द्वारा ग्रामीणों से रुपये की मांग की जाती है तो ग्रामीण उनसे सम्पर्क कर शिकायत करें, वह जरूर कार्रवाई करेंगे.







