
पलामू : अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के पलामू ईकाई ने जिला अध्यक्ष गयानंद पांडेय के अध्यक्षता में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। इस आशय की जानकारी देते हुए परिषद के उपाध्यक्ष सह मीडिया प्रभारी दामोदर मिश्र ने बताया की श्रद्धांजलि सभा के दौरान गत वर्ष आज ही के दिन पुलवामा हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ के 45 जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। श्रद्धांजलि सभा की शुरुआत में सभी सदस्यों ने दो मिनट के मौन रख कर वीरगति प्राप्त दिवंगत शहीदों की आत्मा की शांति के लिए परम पिता परमेश्वर से प्रार्थना की।
श्रद्धांजलि सभा के आयोजन पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि देश पर सर्वस्व न्योछावर कर देने वाले जवानों को हमेशा याद रखना चाहिए। इस तरह के आयोजन से जहां शहीदों की आत्मा की शांति और उनके परिजनों को सांत्वना मिलती है, वहीं आने वाली पीढ़ियों को जानकारी मिलती है कि देश को सुरक्षित और अक्षुण्ण रखने के लिए कितनी कुर्बानियां देनी पड़ी हैं।
श्रद्धांजलि सभा में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के संरक्षक शिवजी सिंह, उपाध्यक्ष आरसी यादव, महासचिव दिनेश गुप्ता, सचिव समता प्रसाद शर्मा, सचिव शंभु नाथ सिंह, संगठन मंत्री हरिहर तिवारी, कोषाध्यक्ष दयाशंकर शर्मा, को-ऑर्डिनेशन अधिकारी रमन श्रीवास्तव, पेंशन अधिकारी कामाख्या नारायण सिंह, कार्यालय अधिकारी श्रीराम सिंह, सम्मानित सदस्य पीके मिश्रा, कमल नयन तिवारी, मानदेव तिवारी, जनार्दन सिंह समेत अनेक पूर्व सैनिक उपस्थित थे।







