
चाईबासा : चाईबासा विधायक दीपक बिरुवा ने राज्य में रिक्त पड़े शिक्षक पदों पर बहाली करने का मामला विधानसभा में उठाया है। विधायक दीपक बिरुवा ने सरकार से शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार प्रदान करने के लिए रिक्त पड़े पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति करने की मांग की है।
विधायक दीपक बिरुवा ने बुधवार को विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग से उक्त संबंध में जानकारी मांगी। विधायक ने प्रश्न किया कि प्राथमिक विद्यालय, मध्य विद्यालय एवं प्लस टू उच्च विद्यालयों में शिक्षकों के 95615 स्वीकृत पद हैं, क्या यह सही है। इस पर विभाग द्वारा स्वीकारात्मक जवाब दिया गया। कहा गया कि प्राथमिक विद्यालय में 64806, माध्यमिक विद्यालय में 25169, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 5610 स्वीकृत पद हैं। देखा जाए तो कुल 95585 शिक्षकों के स्वीकृत पद हैं।
इसके बाद विधायक दीपक बिरुवा ने प्रश्न उठाया कि उक्त विद्यालयों में स्वीकृत पदों के विरुद्ध 72004 शिक्षक ही कार्यरत हैं और 23611 पद रिक्त पड़े हैं। इस पर विभाग द्वारा जवाब दिया कि प्राथमिक शिक्षकों में 45384 कार्यरत व 12762 पद रिक्त हैं, स्नातक प्रशिक्षित शिक्षकों में 11553 कार्यरत व 13616 रिक्त हैं, जबकि स्नातकोतर प्रशिक्षित शिक्षकों में 2546 कार्यरत और 3064 पद रिक्त पड़े हैं। इस तरह राज्य भर में कुल 95585 शिक्षकों के स्वीकृत पद हैं, जिसमें 59483 कार्यरत हैं और 29442 रिक्त पद हैं।
एक नज़र- स्वीकृत – कार्यरत पद
प्राथमिक शिक्षक-64806 – 45384
स्नातक.प्रशिक्षित-25169-11553
स्नातकोतर प्रशिक्षित शिक्षक-5610-2546







