
चाईबासा : होमगार्ड में बहाल होने के बावजूद जिला के युवक-युवतियां बेरोजगार भटकने को मजबूर हैं। होमगार्ड बहाली में चयनित युवा ट्रेनिंग प्राप्त करने के बाद भी उन्हें ड्यूटी पर तैनात नहीं किया गया है। इस मामले में विशेष कर महिला अभ्यर्थी पीड़ित हो रहे हैं। जवानों की इस समस्या को विधायक दीपक बिरुवा ने गंभीरता से लिया है।श्री बिरुवा ने कहा कि होमगार्ड में बहाल युवक-युवतियों की इस समस्या को विधानसभा सभा( ध्यानाकर्षण) में उठाएंगे, वहीं युवाओं के भविष्य के लिए वे खुद माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर उक्त समस्या का समाधान कराएंगे।
जिला के होमगार्ड युवक-युवतियों ने शनिवार को सरनाडीह में विधायक दीपक बिरुवा से मिलकर अपनी समस्याओं को रखा। होमगार्ड प्रतिनिधिमंडल ने विधायक श्री बिरुवा को बताया कि झारखंड गृह रक्षा वाहिनी( होमगार्ड ) पुरानी सहयोगी पुलिस बल के रूप में कार्यरत है। होमगार्ड की 803 सीटों में से 603 जवानों की बहाली की गई। साथ ही 42 दिनों की ट्रेनिंग भी करायी गयी। इसके बाद भी उन्हें ड्यूटी नहीं मिल रही है। होमगार्ड प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि होमगार्ड आफिस जाने पर जिला में ड्यूटी की जगह नहीं होने की बात कही जाती है। प्रतिनिधिमंडल में हीरामुनी पूर्ति, सीता पिंगुवा, मंगल पाट पिंगुवा, शिशुपाल पिंगुवा, इंदिरा गोप, समीर मुंदइया आदि शामिल थे।







