
जमशेदपुर : राष्ट्रीय आपदा घोषित कोरोना वायरस को लेकर जहां देशभर के लगभग सभी राज्यों में लॉक डाउन की घोषणा कर दी गई है. वहीं लॉक डाउन को आम लोग घोषित कर्फ्यू के रूप में ले रहे हैं, और मौका मिलते ही अपने- अपने घरों में जरूरत के सामानों का भंडारण करने में जुट गए हैं. इधर इस मौके का व्यवसायी भी लाभ उठाने में लगे हुए हैं, और एक रुपए का सामान 2 में बेचना शुरू कर दिया है. इधर जमशेदपुर सिविल एसडीओ ने इसकी शिकायत मिलते ही परसुडीह स्थित कृषि उत्पादन बाजार समिति में औचक छापेमारी शुरू कर दी. इधर एसडीओ की छापेमारी के बाद बाजार समिति के व्यवसायियों में हड़कंप मच गया. वहीं एसडीओ ने साफ कर दिया है, कि ना तो राज्य में और न ही जिले में खाद्यान्न की कमी है.
उन्होंने लोगों से अपील की है कि घरों में जरूरत से अधिक सामानों की स्टॉकिंग ना करें. इसके अलावा बाजार समिति को जन सुविधा केंद्रों के लिए अनाज व अन्य जरूरी सामान मुहैया कराने का निर्देश दिया है. सिविल एसडीओ चंदन कुमार ने इस परिस्थिति में आम लोगों से बेवजह मामले को पैनिक नहीं करने और धैर्य और संयम बरतने की अपील की है. वैसे उन्होंने साफ कर दिया है अनावश्यक भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ जिला प्रशासन सख्त रवैया भी अपना सकती है. हालांकि लॉक डाउन का जिले के व्यापारी चोरी- छुपे गलत फायदा उठा रहे हैं. खासकर मुहल्लों और स्लम बस्तियों के छोटे व्यापारी इसका भरपूर लाभ उठा रहे हैं.








