
जमशेदपुर : 8 अप्रैल को जमशेदपुर ब्लड बैंक धातकीडीह में भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी की पूर्वी सिंहभूम शाखा द्वारा नगर में रक्त की कमी को दूर करने तथा जरुरतमंदों की जीवन रक्षा के लिए स्व. चितरंजन मुखर्जी की पुण्य स्मृति तथा भारत माता के सम्मान में रेड क्रॉस तथा पूर्व सैनिक सेवा परिषद के तत्वावधान में झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के आह्वान पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है.
नगर में कोरोना संकट के कारण जमशेदपुर ब्लड बैंक में रक्त का काफी अभाव हो गया है. जिसके कारण नगर के अस्पतालों में कई जरूरी ऑपरेशन टल रहे हैं. वहीं कैंसर, थैलेसिमिया, हिमोफिलिया तथा एनिमिया के मरीजों के जीवन पर संकट मंडरा रहा है. राज्य में रक्त की कमी दूर करने के लिए स्वयं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरने ने रक्तदाताओं से आगे आकर रक्तदान करने तथा रक्त की कमी दूर कर लोगों की जिन्दगी बचाने का आह्वान किया है.
रेड क्रॉस के सचिव बिजय कुमार सिंह, लायंस क्लब के पूर्व जिलापाल (डिस्ट्रिक्ट गवर्नर) सुदिप्तो मुखर्जी तथा पूर्व सैनिक सेवा परिषद के महासचिव सुशील कुमार सिंह ने रक्तदाताओं, रेड क्रॉस के सदस्यों तथा पूर्व सैनिकों से आग्रह किया है कि वर्तमान में सोशल डिस्टेंसिंग तथा स्वास्थ्य विभाग के दिशा-निर्देश के आलोक में रक्तदान शिविर का आयोजन धातकीडीह स्थित जमशेदपुर ब्लड बैंक में 9 बजे से संध्या 6 बजे तक चलेगा. रक्तदान स्थल पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए रक्तदान के इस कार्यक्रम को सफल बनाना है.







