
चाकुलिया : स्थानीय विधायक समीर महंती ने प्रखंड विकास पदाधिकारी के साथ बैठक कर कोरोना वायरस के संक्रमण से निपटने के लिए किये जा रहे कार्यों की जानकारी ली. विधायक ने कहा कि कोरोना वायरस से निपटने के लिए प्रशासन द्वारा बेहतर कार्य किया जा रहा है. सभी इस बीमारी से निपटने के लिए अपनी भागीदारी निभायें. उन्होंने पदाधिकारियों से प्रखंड में बने आइसोलेशन और संदिग्ध मरीजों की जानकारी ली. सीओ अरविंद ओझा ने कहा कि चाकुलिया में कुल 7 संदिग्ध मरीजों को आइसोलेशन में रखा गया है. प्रखंड के ग्रामीण पंचायत में 2700 और नपं क्षेत्र में 450 कार्ड विहीन ग्रामीणों के बीच प्रखंड द्वारा चावल उपलब्ध करवाया जा रहा है. पदाधिकारी द्वारा लगातार क्षेत्र का दौरा कर लोगों को कोरोना वायरस से बचने के लिए सारी जानकारी दी जा रही है. बैठक में बीडीओ लेखराज नाग, थाना प्रभारी अनिल नायक, गौतम दास, राकेश महंती समेत अन्य लोग उपस्थित थे.







