
चाकुलिया : प्रखंड की सोनाहातु पंचायत के मुटुरखाम गांव के बेड़ाडीह गांव स्थित जंगल में लोगों के प्रवेश पर वन सुरक्षा समिति की सदस्यों ने प्रतिबंध लगा दिया है. समिति की सदस्यों ने जंगल में पोस्टर लगाकर जंगल में ग्रामीणों को प्रवेश करने पर प्रतिबंध लगाये जाने का संदेश दिया है. पोस्टर में लिखा गया है कि जंगल में ग्रामीणों का प्रवेश मना है. पकड़े जाने पर कार्रवाई की जाएगी.
इस संबंध में वन प्रबंधन एवं संरक्षण महासमिति की अध्यक्ष सह पद्मश्री जमुना टुडू ने कहा कि आये दिन ग्रामीण जंगल में आग लगाकर जंगल के पेड़-पौधों को नुकसान पहुंचा रहे हैं. जंगल में आग लगने के पश्चात झुलसे पेड़ों को ग्रामीणों द्वारा काटा जा रहा है. पेड़ और जंगल के संरक्षण की दिशा में पहल करते हुए बेड़ाडीह वन सुरक्षा समिति ने ग्रामीणों के जंगल में जाने पर प्रतिबंध लगाया है.
उन्होंने कहा कि जंगल में अन्य ग्रामीणों के पकड़े जाने पर समिति उनसे 5001 रुपये जुर्माना वसूल करेगी. जमुना टुडू ने लोगों से आग्रह किया है कि ग्रामीण जंगल में न जायें और जंगल का संरक्षण करने में ग्रामीण समिति का सहयोग करें. जंगल संरक्षण होगा तभी मनुष्य जीवन सुरक्षित होगा. जंगल है तो जीवन है. जंगल संरक्षण में सभी सहयोग करें.
समिति की महिला सदस्य बारी-बारी से जंगल में जाकर पहरेदारी कर रही हैं. जंगल में पेड़ काटते या किसी अन्य ग्रामीण को पकड़े जाने पर समिति कार्रवाई करते हुए उनसे जुर्माना वसूल करेगी. इस दौरान मालावती टुडू, मालती टुडू, श्रीमती हांसदा, माया टुडू, मायनो टुडू, चुड़ामुनी मुर्मू समेत अन्य सदस्य उपस्थित थीं.







