जमशेदपुर : जमशेदपुर के बड़ी आबादी वाला इलाका मानगो में बिजली बड़ी समस्या बन गयी है. बिजली को लेकर दो बड़ा मामला सामने आया है. इसको लेकर हजारों की आबादी परेशान रही. लोगों के बिजली के तार टूट गये और लोग परेशान हो गये. लॉकडाउन के बीच घरों पर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया.

मानगो में 11 हजार का हाइ-टेंशन तार टूटकर गिरा
मानगो के कुंवर बस्ती वर्कर्स कॉलेज रोड में बीती रात चली आंधी के दौरान 11 हजार वोल्ट का तार टूटकर गिर गया. तार टूटकर गिरने के कारण कई घरों में 11 हजार वोल्ट की बिजली दौड़ गयी, जिसके बाद अचानक से कई सामान बिजली के झटके से जल गये या उड़ गये. चूंकि, यह घटना मध्य रात्रि की थी, इस कारण किसी तरह जान माल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन कई घरों का मीटर से लेकर सबकुछ जल गया. लोगों ने बताया कि तेज आंधी एक बार चली तो 11 हजार का हाइ टेंशन तार सीधे 220 वोल्ट के तार पर जा गिरा, जिसके बाद 220 वोल्ट की बिजली के तार में 11 हजार वोल्ट का करंट दौड़ गया, जिससे यह घटना घटी.

पारडीह काली मंदिर सबस्टेशन में हो रही बिजली की कटौती, जनता परेशान, नेता ने लिखा जीएम को पत्र
पारडीह काली मंदिर के सबस्टेशन में लगातार बिजली की कटौती हो रही है. इससे आम जनता परेशान है. इससे परेशान जनता को निजात दिलाने के लिए बिजली बोर्ड के जीएम को भाजपा के नेता ने पत्र लिखा है और मांग की है कि तत्काल बिजली की व्यवस्था को दुरुस्त किया जायेगा ताकि बिजली की आंख-मिचौनी से परेशान लोगों को निजात मिल सके. अपने पत्र में भाजपा नेता विकास सिंह ने जीएम को बताया है कि पारडीह काली मंदिर सब स्टेशन से बिजली की सप्लाई बहुत कम हो रही है. लगभग 10 से 12 घंटा ही बिजली उपभोक्ताओं को मिल रही है. इस विषय में उपभोक्ताओं द्वारा शिकायत करने पर कोई सटीक जवाब या उत्तर देने को विभागीय अधिकारी तैयार नहीं है, सब टालमटोल कर रहे हैं. विभागीय अधिकारी से मामले की जानकारी लिया कि आखिर कारण क्या है कि पारडीह काली मंदिर सब स्टेशन से बिजली की आपूर्ति इतनी कम हो रही है? गर्मी में लोगों को बिजली के चलते उपभोक्ताओं को पानी की भी तकलीफ हो रही है. उन्होंने बताया है कि पारडीह काली मंदिर सब स्टेशन के लगभग 70 फीसदी उपभोक्ता मानगो नगर निगम क्षेत्र के हैं. शेष 30 फीसदी उपभोक्ता पटमदा क्षेत्र के हैं. ऐसे में विभागीय अधिकारी ने उनका (अधिकारी का) बिना नाम बताने की शर्त में जानकारी दिया कि पारडीह काली मंदिर सब स्टेशन को ग्रामीण क्षेत्र का सब स्टेशन घोषित कर दिया गया है जबकि केवल 30 फीसदी उपभोक्ता ग्रामीण क्षेत्र पटमदा के हैं. विभागीय अधिकारी ने बताया कि सरकार के ऊर्जा विभाग का सख्त आदेश है कि अगर बिजली की आपूर्ति कम होगी, तो ग्रामीण क्षेत्र के सब स्टेशन में कटौती की जाएगी, जिसके चलते काली मंदिर, पारडीह सब स्टेशन में कटौती की जा रही है जिसके कारण मात्र 10 से 12 घंटे ही बिजली लोगों को मिल रहा है. उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में लिखा है कि लॉकडाउन और धारा 144 है नहीं तो जीएम के दफ्तर में आकर हम लोग प्रदर्शन करना चाहते है. अगर बिजली की समस्या का निराकरण नहीं हुआ तो इसको लेकर फिर आंदोलन को बाध्य होना होगा.






