
जमशेदपुर : कोरोना पॉजिटिव महिला का इलाज करने के बाद शहर के तीन चिकित्सकों समेत उनके एक सहयोगी को 14 दिनों के लिए क्वारंटाइन किया गया है. इनमें शहर के जानेमाने गायनोकोलॉजिस्ट डॉ पीडी गोखले, रेडियोलॉजिस्ट डॉ सुधा झिंगन, डॉ नीतू वर्मा व उनके सहयोगी निवारण शामिल हैं. तीनों चिकित्सकों को 14 दिनों के लिए होम क्वारंटाइन किया गया है, जबकि निवारण को संस्थागत क्वारंटाइन किया गया है. इस संबंध में सिविल सर्जन कार्यालय से आदेश निर्गत किया गया है.
संबंधित पत्र में कहा गया है कि जिले में कोविड-19 के संक्रमित रोगियों की संख्या में वृद्धि हो रही है. नियमानुसार कोविड-19 संक्रमित रोगियों के संपर्क में आनेवाले सभी व्यक्तियों को हाई रिस्क एवं लो रिस्क के आधार पर निर्धारित अवधि के लिए होम अथवा संस्थागत क्वारंटाइन में रहना अनिवार्य है. सिविल सर्जन कार्यालय को सूचना मिली थी कि डॉ पीडी गोखले द्वारा संक्रमित रोगियों का इलाज किया गया तथा जांच के लिए आम बागान स्थित डायग्नोस्टिक सेंटर में ले जाया गया था, जहां डॉ सुधा झिंगन, डॉ नीतू वर्मा व निवारण के द्वारा मरीज की जांच की गयी थी. इसके मद्देनजर चारों को क्वारंटाइन में रहने का निर्देश दिया गया है.






