
चक्रधरपुर : कोरोना संकट के दौरान सेवा कार्यों से विशिष्ट पहचान बना चुकी मिशन बदलाव की टीम ने एक बार फिर गोइलकेरा व सोनुआ प्रखंड के सात गांवों में लोगों के बीच राशन बांटे। झिलरूवां, चांदीपोस, वृंदावन, बिनका, बालजोड़ी, चमकपुर और विक्रमपुर गांवों में 120 परिवारों तक राशन के किट पहुंचाए गए। इसमें 25 किलो चावल के अलावा दाल, नमक, हल्दी, मसाले, सरसों तेल, आलू और साबुन आदि जरूरतमंद परिवारों को मुहैया कराया गया। मिशन बदलाव की जिला समन्वयक रेखा नायक ने बताया कि अधिकांशतः प्रवासी मजदूरों के परिवारों तक मदद पहुंचाई जा रही है। लॉकडाउन में भी दूसरे प्रदेशों में फंसे होने के दौरान इन श्रमिकों को डिजिटल माध्यम से राशि का भुगतान कर राशन व खाद्य सामग्री मुहैया कराया गया था। अभी जब श्रमिक अपने घर लौट आए हैं तो उनके समक्ष रोजगार का संकट है। इसलिए मिशन बदलाव द्वारा ऐसे जरूरतमंद लोगों से संपर्क कर उन्हें सूखा राशन दिया गया। इससे पहले मिशन बदलाव की टीम ने डेढ़ हजार से ज्यादा लोगों तक मदद पहुंचाई थी। इस कार्य में जनसाहस जैसे संगठनों का भी योगदान रहा। राशन वितरण के दौरान गांवों में सोशल डिस्टेंसिंग का विशेष ध्यान रखा गया और इसके महत्व के बारे में लोगों को बताया गया। मौके पर मोतीलाल नायक, हीना नायक, परीक्षित नायक, मिथिलेश नायक, जगबंधु नायक, चैतन्य नायक, राजीव नायक, करण नायक, अजय, पंकज, सुरसेन, दुर्गाचरण पूर्ती, राजू नायक, प्रीति, नीलांबर, निर्मल, राजू और दारोगा नायक आदि उपस्थित थे।







