
संतोष वर्मा
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्र के मनोहरपुर प्रखंड अंतर्गत पड़ने वाले छोटनागरा थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव पेचा में दादी-पोती की हत्या का मामला ग़हराता जा रहा है. वहीं रहस्यमय तरीके से दादी व पोती की हत्या को लेकर पुत्र बायंडु सुरीन छोटानागरा थाना में मामला दर्ज़ कराया है. मृतका वृद्ध महिला (65 वर्ष) संधू सुरीन व सिनी सुरीन( 17 वर्ष) है. घटना के बाद डीएसपी विमलेश त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस दल व सीआरपीएफ 197 के जवानों ने मजिस्ट्रेट मनोहरपुर सीओ रविश राज की उपस्थिति में वृद्ध महिला व उसकी पोती का शव बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई के लिए जुट गई हैं. साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
क्या है मामला: मृतक संधू के बेटे बाइन्डु सुरीन ने लिखित शिकायत पुलिस को दिया है . जिसमें उसकी मां 65 वर्षीय संधू सुरीन व पोती 17 वर्षीय सिनी सुरीन की अज्ञात लोगों के द्वारा अपहरण कर हत्या करके शव छुपा दिया हैं. उन्होंने बताया कि उसकी मां पोती सिनी के साथ रहती थी. जबकि बाइन्डु जामदा में काम करता है, बीते तीन सप्ताह से दादी -पोती दोनों से फोन से संपर्क करने की कोशिश किया पर सम्पर्क नहीं हो पाया. इसके बाद सोमवार को वे राशन पहुंचाने घर आया तो देखा कि घर मे कोई नहीं है. और घर पर सामान बिखरा हुआ हैं. इसके बाद उसने आस पास के लोगो से इस संबंध में पूछने से पता चला कि तीन सप्ताह पूर्व से ही दादी -पोती गायब हैं. जिसके बाद उसे शक हुआ कि उन दोनों की हत्या करके शव को कहीं छुपा दिया गया हैं. जिसके बाद उसने मामले की शिकायत थाना में किया. डीएसपी विमलेश त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस व 197 सीआरपीएफ के दो टुकड़ी ने गुप्त सूचना पर मजिस्ट्रेट मनोहरपुर सीओ रविश राज सिंह की मौजूदगी में पेंचा गांव के नाला के किनारे जंगल से दादी व उसकी पोती की सड़ा गला लाश बरामद किया. यह क्षेत्र नक्सल प्रभावित क्षेत्र है. जिस कारण शव को खोजने व निकालने के लिए पुलिस को घंटों मशक्कत करनी पड़ी. मामले को लेकर डीएसपी विमलेश त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अनुसंधान के पर ही मामले का खुलासा हो पायेगा. बताया कि फिलहाल पुलिस घटना के हर एक बिंदु की गहनता से जांच कर रही है. शिकायत के आधार पर सभी पांचों लोगो की गिरफ़्तारी के लिए छापेमारी की जा रही हैं.








