
जमशेदपुर : झारखंड पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक के निर्देश के तहत 21 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक राज्य भर में नेशनल पुलिस फ्लैग डे मनाया जा रहा है. इसके तहत राज्य में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि, शहीदों के परिवार को सम्मानित करने के अलावा, रक्तदान शिविर का आयोजन, शहीद पुलिसकर्मियों के पैतृक गांव के स्कूल में उनकी तस्वीर लगायी जा रही है. (आगे की खबर नीचे पढ़ें)

वहीं शहीद पुलिसकर्मियों की याद में यूनिटी रन का भी आयोजन किया जा रहा है. इधर जमशेदपुर पुलिस मुख्यालय में शुक्रवार को शहीद दुखिया मुर्मू के नाम पर एसएसपी कार्यालय स्थित सभागार का नामकरण दुखिया मुर्मू सभागार के नाम से किया गया. एवं सभी 12 शहीद पुलिसकर्मियों की तस्वीरों का अनावरण सभागार में किया गया. साथ ही शहीद दुखिया मुर्मू के परिवार को उनके किए गए वीरता पूर्ण कार्य के लिए सम्मानित भी किया गया. (आगे की खबर नीचे पढ़ें)
इस मौके पर जमशेदपुर एसएसपी एम तमिलवानन ने राज्य भर में शहीद हुए पुलिसकर्मियों की शहादत को नमन करते हुए बताया कि तमाम झंझावतों को झेलते हुए पुलिस दिन-रात आम लोगों की सेवा में लगी रहती है. जिससे कई बार उन्हें जान भी गंवानी पड़ती है. जिनका सम्मान जरूरी है. ऐसे में राज्य पुलिस महा निदेशक एवं महा निरीक्षक द्वारा लिया गया फैसला काफी सराहनीय है. इससे शहीद पुलिसकर्मियों को सच्ची श्रद्धांजलि मिलेगी. वही शहीद दुखिया मुर्मू के परिजनों ने राज्य पुलिस के इस पहल का स्वागत किया. आपको बता दें कि दुखिया मुर्मू की हत्या नक्सलियों ने 21 जनवरी 2015 को कर दी थी. उस वक्त वे एसपी के अंगरक्षक हुआ करते थे. नक्सलियों ने एसपी को टारगेट कर रखा था. जिन्हें बचाने के क्रम में दुखिया मुर्मू के सर पर गोली लग गई थी. जिसमें वे शहीद हो गए थे. (आगे की खबर नीचे पढ़ें)

इस दिन जुगसलाई के आरपी पटेल हाई स्कूल में शहीद पुलिसकर्मी धनंजय यादव की तस्वीर भी लगायी गयी. इस दौरान स्थानीय पुलिस कर्मी व स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे.







