
जमशेदपुर : टाटानगर स्टेशन पर शुक्रवार को ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन की ओर से अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन किया गया. इस दौरान सभी स्टाफ काला बिल्ला लगाकर काम करते नजर आए. हालांकि इस दौरान उन्होंने रोज की तरह ही काम किया, ताकि काम में कोई बाधा न आ सके. उन्होंने सरकार द्वारा रेलवे का निजीकरण किए जाने को लेकर विरोध किया. उनकी मांगों में ये सबसे महत्वपूर्ण है. उन्होंने रेलवे के निजीकरण का विरोध किया, साथ ही वर्तमान में मिल रहे रनिंग अलाउंस में भी बदलाव की मांग की है. (आगे की खबर नीचे पढ़ें)
एसोसिएशन ने रेलवे द्वारा दिए जा रहे रात्रिकालीन भत्ता में भी बदलाव करने के साथ ही सहायक लोको पायलट का वेतन भी लेवल 6 के तहत करने की मांग की है. एसोसिएशन की ओर से शुक्रवार को एक बैठक की गई, जिसमें यह निर्णय लिया गया है कि अगर रेलवे उनकी मांगो को पूरा नहीं करती है, तो 6 नवंबर को केंद्रिय कार्यकारणी सदस्यों के साथ बैठक कर आगे के आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी. उनकी मांगे पूरी नहीं होने पर वे आंदोलन भी कर सकते है. फिलहाल एसोसिएशन रेलवे के जवाब का इंतजार कर रहा है.







