
चाकुलिया : चाकुलिया सीएचसी में परिवार कल्याण कार्यक्रम के तहत पुरूष नसबंदी अभियान का उदघाटन सीएचसी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर रंजीत मुर्मू ने किया. इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी श्री मुर्मू ने कहा कि यह कार्यक्रम 21 नवंबर से 4 दिसंबर तक चलेगा. यह कार्यक्रम दो चरणों में होगा. 21 से 27 नवंबर तक जागरूकता अभियान और 28 नवंबर से 4 दिसंबर तक परिवार कल्याण सेवा पुरूष नसबंदी और महिला बंध्याकरण, पीपीआईयूसीडी की सेवा लाभार्थियों को दी जानी है. कहा कि जिला से पुरूष नसबंदी कराने के लिए 13 और महिला बंध्याकरण कराने की 187 लक्ष्य दिया गया है. उन्होंने सभी स्वास्थ्य कर्मियों से कहा कि 27 नवंबर तक गांव -गांव में प्रचार -प्रसार कर नसबंदी कराने के प्रति लोगों को जागरूक करें. कहा कि नसबंदी कराने के इच्छुक व्यक्ति की सूची बनाकर सीएचसी में जमा करे. कहा कि इच्छुक व्यक्ति का ऑपरेशन जमशेदपुर के सदर अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टर द्वारा ऑपरेशन किया जाएगा. साथ ही साथ एएनएम, बीटीटी, सहिया और एमपीडब्ल्यू के साथ एनआरएचएम के तहत चलने वाले कार्यक्रम जैसे गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, ट्यूबरकुलोसिस(टीबी), लेप्रोसी, कोविड-19 महामारी आदि की समीक्षा प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी द्वारा किया गया. इस मौके पर बीपीएम सतीश वर्मा, संतोष कुमार, प्रणव बेहुरिया, अनिल टुडू, प्रवीर बेहरा समेत सभी एएनएम और स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे.












