
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना अंतर्गत दाईगुटू रोड नंबर 5 तेली लाइन निवासी सुजाता कुमारी के घर के बाहर बुधवार देर रात गोली चली. इधर घटना की सूचना पाकर थाना प्रभारी विनय कुमार मौके पर पहुंचे. पुलिस को मौके से दो खोखा मिला है. फायरिंग जमीन विवाद को लेकर हुई है. इसके पहले 16 अक्टूबर को सुजाता के भाई उत्तम कुमार की जमीन विवाद में हत्या कर दी गई थी. पुलिस ने घटना में मृतक के दादा, बुआ और एक अन्य को जेल भेज दिया था. इस मामले में नंदलाल गुप्ता फरार चल रहा है. सुजाता ने फायरिंग का आरोप नंदलाल गुप्ता पर लगाया है. पुलिस ने देर रात नंदलाल के भगिना के करीबी दीपू को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है.
मानगो थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर गई थी, जांच में पुलिस ने दो खोखा बरामद किया है, हालांकि खोखा देख कर लगता है कि वह पुराना है, कहीं और से लेकर उसे वहां रखा गया है, मामला संदिग्ध है. इधर फायरिंग की आवाज़ भी किसी ने नहीं सुनी है,. पड़ोस में लगे सीसीटीवी में भी किसी तरह की घटना सामने नहीं आई है. फिलहाल पुलिस जांच कर रही है, खोखा को भी जांच के लिए भेजा गया है. जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है. बता दें कि इसके पहले भी दोनों पक्ष के बीच जमीन को लेकर विवाद हो चुका है, जिसमे उत्तम कुमार की हत्या कर दी गई थी.











