
जमशेदपुर : जमशेदपुर के के सुरदा और राखा की कॉपर खदानों की पर्यावरण क्लीयरेंस को लेकर पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने शनिवार को राज्यसभा सांसद सह संसद के कोल और स्टील स्टैंडिग कमिटी के सदस्य समीर उरांव से बात किया. उन्होंने सांसद से आग्रह किया कि बंद पड़े खदानों को जल्द शुरू करवाने की दिशा में पहल करें. लॉकडाउन के बाद से सैकड़ों बेरोज़गार मज़दूरों की स्थिति दयनीय हो गई है. राज्य सरकार ने अनापत्ति पत्र भेज दिया है. केंद्र सरकार के पर्यावरण विभाग से क्लीयरेंस के साथ ही खदान शुरू हो सकेंगे. सांसद समीर उरांव ने कुणाल षाड़ंगी को बताया कि कमिटी की संसदीय स्टैंडिग कमिटी की पिछली बैठक में उन्होंने माइनिंग व पर्यावरण विभाग के वरीय पदाधिकारियों से बात की थी जिस पर पहल करते हुए सुरदा खदान के लिए एनओसी और लेटर ऑफ़ इंटेंट तैयार हो चुकी है. राखा खदान के लिए भी एनओसी तैयार है और जल्द ही लेटर ऑफ इंटेंट जारी कर दी जायेगी. राज्यसभा सांसद समीर उरांव ने बातचीत के क्रम में कुणाल षाड़ंगी को बताया कि दिसंबर के पहले सप्ताह में निर्धारित कमिटी की अगली बैठक में वे फिर से इस मामले के अविलम्ब निष्पादन की मांग रखेंगे. सांसद ने कहा कि वे लगातार प्रयासरत हैं कि जल्द ही दोनों खदानें शुरू हों और अब इसका रास्ता साफ़ हो गया है. पूर्व विधायक ने राज्य सभा सांसद समीर उराँव का आभार व्यक्त किया है.




