
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की मालकुंडी पंचायत के मालकुंडी गांव निवासी जगदीश महतो (42) बीती रात धालभूमगढ़ से अपने गांव लौटने के क्रम में नूतनगढ़ के पास किसी वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गये. ग्रामीणों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए धालभूमगढ़ सीएचसी पहुंचाया, वहां उनका प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए टीएमएच रेफर कर दिया गया. टीएमएच ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. सड़क दुर्घटना में मौत की सूचना पाकर जगदीश महतो के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. शनिवार की शाम शव गांव पहुंचते ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. वहीं बहरागोड़ा के विधायक समीर महंती गांव पहुंचे और मृतक के परिजनों से मिलकर सांत्वना दी. मौके पर बासुदेव महतो, देवाशीष दास, मिथुन कर, गुणाधर महतो, भरत गोप, हिरणमोय महतो समेत अन्य लोग उपस्थित थे.




