
सरायकेला : महानगरों की तर्ज पर अब छोटे राज्यों में भी पाइपलाइन के माध्यम से घरेलू गैस पहुंच रहा है. झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के लोगों का सपना भी अब साकार होने वाला है. जहां शुक्रवार को गेल इंडिया की ओर से निगम क्षेत्र के वार्ड 17 में पाइपलाइन के जरिए उपभोक्ताओं को गैस कनेक्शन देने का शुभारंभ किया गया. गेल इंडिया के डीजीएम रजनीश कुमार ने एलपीजी की तुलना में पीएनजी गैस को किफायती और सुरक्षित बताया. उन्होंने बताया कि फिलवक्त कम्पनी केवल 5 सौ रुपए के सिक्योरिटी मनी पर मुफ्त कनेक्शन दे रही है. आने वाले दिनों में पूरे निगम क्षेत्र के 20 हजार घरों में कनेक्शन पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इस मौके पर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ कनेक्शन देने का काम शुरू किया गया. वहीं पार्षद नीतू शर्मा ने भारत सरकार द्वारा घरेलू उपभोक्ताओं के हित में उठाया जाने वाला एक बेहतर कदम बताया. उन्होंने बताया कि इससे उपभोक्ताओं को काफी सहूलियत होगी और उपभोक्ता सुरक्षित एवं किफायती गैस का प्रयोग कर सकेंगे.





