
जमशेदपुर : जमशेदपुर के उपायुक्त के निर्देश के बाद शुक्रवार को जमशेदपुर ड्रग इंस्पेक्टर वन एवं टू द्वारा सरजामदा, परसुडीह, करणडीह, टेल्को, हुड़लुंग और जेम्को बस स्टैंड के समीप मेडिकल स्टोर में छापेमारी करते हुए कई अनियमितताएं पकड़ी गई. इस दौरान दोनों परिक्षेत्र द्वारा कुल 9 मेडिकल स्टोर की जांच की गई. इस क्रम में इन्होंने कैशबुक को अव्यवस्थित पाया, साथ ही दुकानों पर फार्मासिस्ट को अनुपस्थित पाया और पंजी को मेंटेन नहीं पाया, जिसके बाद सभी दवा दुकानदारों के खिलाफ सम्बंधित थानों में ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स की धारा 1940 के 65(2) लाइसेंस वायलेशन का मामला दर्ज कराया गया है. जानकारी देते हुए जमशेदपुर एक के ड्रग इंस्पेक्टर कुंज बिहारी चौधरी एवं तीन के राजीव एक्का ने बताया कि विभाग द्वारा यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. लगातार दवाओं के दुकानदारों द्वारा नियमों का उल्लंघन करते हुए गड़बड़ी की जा रही है. इन सारी गड़बड़ियों को दूर करने के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. अब कार्रवाई किये जाने के बाद हड़कंप मच गया है और दवा दुकानदारों पर लगाम कसने की तैयारी की गयी है.





