
जमशेदपुर : नो इंट्री के बावजूद बड़े वाहनों के जमशेदपुर शहर में प्रवेश कर मरीन ड्राइव में सड़क के किनारे खड़े होने से रोकने के लिए प्रशासन ने अब कड़ा रुख अपनाने की ठान ली है. सोमवार को एडीएम लॉ एंड ऑर्डर के नेतृत्व में, सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट, ट्रैफिक डीएसपी बबन सिंह, डीटीओ दिनेश रंजन, सीओ अनुराग तिवारी द्वारा मरीन ड्राइव का मुआयना किया गया. इस दौरान स्वर्णरेखा नदी पर बने नए पुल का जायजा लिया गया. इसमें यह निर्णय लिया गया कि पुल से होकर जितने भी बड़े वाहन जिले में प्रवेश करते हैं उनके लिए पुल पर नो इंट्री का समय लिखा हुआ एक होर्डिंग लगाया जाएगा. साथ ही मरीन ड्राइव पर भारी वाहनों को रोकने के लिए बैरियर भी लगाए जाएंगे. इससे नो इंट्री के समय कोई भी भारी वाहन मरीन ड्राइव से होते हुए शहर में प्रवेश नहीं कर पायेगा और न ही कोई भी वाहन मरीन ड्राइव पर सड़क के किनारे खड़ा रहेगा. इस संबंध में टीम में शामिल ट्रैफिक डीएसपी बबन सिंह ने बताया कि शहर में सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक वाहन प्रवेश कर सकते है और दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक वाहन शहर से बाहर निकल सकते है. इसके अलावा रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश और निकासी का समय है. नए पुल से होकर बड़े वाहन समय से पहले प्रवेश कर जाते हैं. और मरीन ड्राइव में सड़क के किनारे खड़े हो जाते है. इसे रोकने के लिए ही नो इंट्री के समय के साथ होर्डिंग लगाया जाएगा. इससे सड़क दुर्घटना में भी कमी आएगी.






