
जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना अंतर्गत प्रेमनगर निवासी विलियम टोप्पो के जनरल स्टोर में बुधवार देर रात अचानक आग लग गई. आग से आस पास के लोगों में अफरा तफरी मच गई. दुकान से धुआं उठता देख विलियम ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया. लोगों ने गोलमुरी अग्निशमन विभाग और टाटा मोटर्स अग्निशमन विभाग को भी सूचना दी. हालांकि जब तक टाटा मोटर्स अग्निशमन विभाग से एक दमकल घटना स्थल पर पहुंची तब तक स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पा लिया था. हालांकि दुकान का सारा सामान जलकर खाक हो गया है. विलियम के अनुसार आगजनी से लगभग 1.5 लाख का नुकसान हुआ है. दुकान में रखा समान समेत फर्नीचर जलकर राख हो गया है. घटना के संबंध में विलियम ने बताया कि घर के ही उसकी जनरल स्टोर की दुकान है. वह रात 9 बजे दुकान बंद कर घर चला गया था. थोड़ी देर बाद ही दुकान के अंदर से धुआं निकलता देखा. किसी तरह स्थानीय लोगों की मदद से पानी डालकर आग को बुझाया.





