
सरायकेला : कोरोना से दिन प्रतिदिन सरायकेला जिले में स्थिति विकट होती जा रही है. हर दिन कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. एक दिन पूर्व भी यहां रिकॉर्ड 104 मरीज एक साथ मिले थे. बावजूद इसके आम लोगों में कोरोना गाइडलाइन का पालन करने को लेकर संजीदगी नहीं दिख रही है. पूरी स्थिति के बीच प्रशासन ने कोरोना गाइडलाइन का पालन कराने को लेकर सख्ती दिखानी शुरू कर दी है. इसको लेकर सरायकेला जिला मुख्यालय स्थित हाट टांडी चेक पोस्ट में उत्पाद निरीक्षक निर्भय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में सघन मास्क चेकिंग अभियान चलाया गया. इस दौरान मास्क नहीं पहनने वालों को कड़ी फटकार लगाते हुए उन्हें उठक बैठक कराया गया. साथ ही मास्क पहनने तथा आने वाले दिनों में लगातार मास्क पहने का संकल्प लिए जाने के बाद ही उन्हें छोड़ा गया. इस दौरान प्रशासन सख्ती के साथ लोगों से अपने जान माल की सुरक्षा तथा समाज के जानमाल की सुरक्षा को लेकर जिम्मेदार बनने की अपील करते हुए भी दिखे.












