
जमशेदपुर : जमशेदपुर में कोरोना वायरस का संक्रमण खतरनाक रूप अख्तियार कर चुका है. जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लगातार इस खतरनाक हो चुके वायरस से लड़ने की रणनीति बनाने में जुटा हुआ है. वैसे इसके संक्रमण को कम करने और लोगों की जान बचाने में प्लाज्मा थैरेपी काफी कारगर साबित हो रही है. इसको लेकर जमशेदपुर के स्वयंसेवी एवं रक्तदानी संस्थाओं द्वारा लोगों को जागरूक करते हुए स्वस्थ हो चुके संक्रमित मरीजों से प्लाज्मा डोनेट करने की अपील की जा रही है. साथ ही प्लाज्मा डोनेशन करने के लिए लोग सामने भी आ रहे हैं. वैसे इसकी तादाद कम ही देखने को मिल रही है. फिर भी प्लाज्मा डोनेशन के लिए जमशेदपुर के लोग सामने आ रहे हैं. गुरुवार को जमशेदपुर यूटिलिटी सर्विसेज यानी जुस्को की ओर से ब्लड बैंक में प्लाज्मा डोनेशन कैंप का आयोजन किया गया. कैंप में कोरोना से जंग जीत चुके जुस्को के कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. वहीं प्लाज्मा डोनेशन करने पहुंच रहे कर्मियों ने जमशेदपुर ब्लड बैंक की सुविधा पर संतुष्टि जताई, और स्वस्थ हो चुके आम लोगों से प्लाज्मा डोनेट करने की अपील की, ताकि लोगों की जिंदगियां बचाई जा सके.





