
आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले में भी कोरोना वायरस महामारी का प्रकोप बुरी तरह से जनजीवन को प्रभावित कर रहा है. जिला पुलिस और प्रशासन सरकार के गाइडलाइन का पालन कराने का लाख दावा कर रहे हैं, लेकिन आदित्यपुर थाना से पीछे रेलवे फाटक तक दैनिक सब्जी विक्रेता न तो सरकारी गाइडलाइन को मान रहे हैं और न ही प्रशासनिक सख्ती का उन पर कोई असर ही नजर आ रहा है. अनेक दैनिक सब्जी विक्रेता यहां अपनी दुकानें सजा रहे हैं, जबकि सरकारी गाइडलाइन के तहत जयप्रकाश उद्यान में अस्थाई सब्जी मंडी लगाने का निर्देश जारी किया गया है. बाजार मास्टर के लाख अनुरोध को भी दैनिक सब्जी विक्रेता नहीं मान रहे हैं. सूत्रों की मानें तो वार्ड 20 के पार्षद के संरक्षण में यहां दैनिक सब्जी मंडी लग रही है. वैसे आदित्यपुर थाना भी इस मामले में गम्भीर नजर नहीं आ रहा है. सीधे तौर पर इसे सरकारी आदेश का खुल्लम- खुल्ला उल्लंघन कहा जा सकता है.



