
जमशेदपुर:तमिलनाडु के चेन्नई से टाटा मोटर्स के लिए इंजन के पार्ट्स लेकर चले एक ट्रक को तीन भाइयों ने छल से लूट लिया. मामला 15 अप्रैल का है. इधर घटना के चार दिन बाद 19 अप्रैल को टेल्को थाना में मामला दर्ज कराया गया. मामला दर्ज होने के एक माह बाद पुलिस ने आरोपी मनोज कामत को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया. इधर पुलिस ने उसे थाने में पूछताछ की तो पूरा मामला सामने आ गया. पुलिस ने उसकी निशानदेही में गोविंदपुर स्थित वीनापानी स्कूल के पास मनोज के साथी नयन कुमार के घर से बरामद किया है. पुलिस ने नयन को भी गिरफ्तार कर लिया है. जानकारी के अनुसार ट्रक में लगभग एक करोड़ का सामान था. 15 अप्रैल को ट्रक चालक राव से टाटा मोटर्स के चेजर्स श्रवण कामत, उसके भाई मनोज कामत और एक अन्य ने टाटा मोटर्स के बाहर यह कहकर उससे ट्रक ले लिया कि उसके पास कोरोना की जांच रिपोर्ट नहीं है. बिना जांच रिपोर्ट के वह सामान अंदर नहीं ले जा सकता. वह ट्रक श्रवण को दे दे. वे लोग ट्रक को अंदर ले जायेंगे और खाली कर वापस ले आयेंगे. राव ने श्रवण को ट्रक दे दिया. बाद में मनोज और श्रवण मिलकर ट्रक को बोरा फैक्ट्री के पास लेकर गए जहां उन्होंने ट्रक को खाली किया और 17 अप्रैल को ट्रक वापस कर दिया. बाद में सामानों को परसुडीह थाना क्षेत्र के वीनापानी स्कूल के पास नयन के घर पर छुपा दिया. जब सामान की डिलीवरी नही हुई तब जाकर मामले की जानकारी हुई.



