
जमशेदपुर : भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के अंतर्गत शुक्रवार से “सेवा ही संगठन-कोविड 19 हेल्प डेस्क” कार्यक्रम की शुरुआत की गयी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय जेपी नड्डा द्वारा इसका वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से उद्धाटन किया गया। इस दौरान भाजपा नेता व जिला परिषद उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह भी शामिल हुए. उद्घाटन के उपरांत श्री सिंह ने बर्मामाइंस के हिन्द कुष्ठ आश्रम स्थित अस्पताल में 10 दिनों का राशन उपलब्ध कराया एवं मरीजों एवं उनके परिजनों के बीच मास्क का वितरण किया। उन्होंने कहा कि “सेवा ही संगठन-कोविड 19 हेल्प डेस्क” के माध्यम से सेवा का कार्य जारी रहेगा।

राजकुमार सिंह ने जिले के उपायुक्त से पत्र के माध्यम से अनुरोध किया था कि जिस प्रकार 45 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के लिए जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में सुंदर एवं सुव्यवस्थित तरीके से टीकाकरण की व्यवस्था की गई थी, उसी प्रकार 18 से 45 वर्ष के आयु वर्ग के लोगों को कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण की व्यवस्था की जाए। इस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए उपायुक्त सूरज कुमार ने जानकारी दी कि इसका निर्धारण केंद्र सरकार के स्तर से किया जाता है, लेकिन उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह जिले की ग्रामीण आबादी के 18 से 45 वर्ष के लोगों के टीकाकरण की सरल एवं सुगम व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अपने स्तर से भरपूर प्रयास करेंगे। श्री सिंह ने पत्र पर त्वरित संज्ञान लेने के लिए उपायुक्त श्री कुमार के प्रति आभार जताया है।





