
जमशेदपुर : शुक्रवार को राज्य के कई हिस्सों में गर्जन के साथ वज्रपात, वही बारिश से तापमान में नमी वापस लौट आई. आज यानी शुक्रवार को सुबह में धूप तो दोपहर से बादल के साथ बूंदा-बांदी होती रही. मौसम विभाग की 15 दिनों की स्पेशल रिपोर्ट के मुताबिक 21 मई से 27 मई के बीच में राज्य में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है. इसके साथ ही प्री-मानसून बारिश भी जारी रहेगी. वही 28 मई से 03 जून के बीच राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है. रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि बंगाल की खाड़ी में अंडमान निकोबार के पास एक निम्न दवाब का क्षेत्र बन रहा है, जिसके 22 मई तक चक्रवात में बदलने के आसार हैं. वहीं 72 घंटों में इसके उत्तर-पश्चिम की तरफ बढ़ने की संभावना है. वर्तमान परिस्थिति के हिसाब से ये चक्रवात पश्चिम बंगाल या ओड़िशा के समुद्री तट से टकरा सकता है. इसका असर राज्य के मौसम पर देखने को मिलेगा. वहीं जमशेदपुर में आज का अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं झारखंड की राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.
अगले छह दिनों का संभावित तापमान
तिथि — अधिकतम — न्यूनमतम
शनिवार — 38 — 25
रविवार — 40 — 26
सोमवार — 40 — 27
मंगलवार — 32 — 24
बुधवार — 28 — 24
गुरुवार — 29 — 24






