
जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना अंतर्गत छोटा गोविंदपुर में एक शादी समारोह के दौरान काफी संख्या में लॉक डाउन का उल्लंघन कर क्षमता से ज्यादा लोग शादी समारोह में शामिल थे. इसकी सूचना पाकर जमशेदपुर सदर के अंचल अधिकारी अमित श्रीवास्तव मौके पर पंहुचे. उन्होंने पाया कि शादी के रिसेप्शन के दौरान काफी संख्या में लोग जुटे हुए है. उन्होंने बताया कि इलाके के लोगों से शिकायत मिल रही थी कि रिसेप्शन के दौरान काफी लोग जुटे हुए है, उन्होंने मास्क नहीं पहना था. इसकी सूचना पाकर टीम मौके पर पहुंची और सूचना को सही पाया. उन्होंने कहा कि शादी समारोह, रिसेप्शन व अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों में कोरोना संक्रमण से सुरक्षा के प्रति राज्य सरकार के गाइडलाइन की अवहेलना गलत है. ऐसे आयोजनों को लेकर जिला प्रशासन काफी सख्त है तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों को सख्त हिदायत है कि अपने परिवार व परिजन की सुरक्षा को देखते हुए भी ऐसा कोई कार्य नहीं करें जिससे कोरोना संक्रमण का प्रसार हो सके. उन्होंने बताया कि उक्त मामले में दूल्हा व दुल्हे के पिता के विरुद्ध विधि सम्मत कानूनी कार्रवाई की जा रही है.





