
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना अंतर्गत जुबली पार्क स्थित जयंती सरोवर में मछली पकड़ने के दौरान तालाब में डूब कर भुईयांडीह छायानगर निवासी संटू नामता की मौत हो गई थी. इस मामले में मृतक के भाई लालटू नामता के बयान पर बिष्टुपुर थाने में अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कराया गया है. हालांकि संटू की मौत एक दुर्घटना होगी पर इससे जुबली पार्क की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होते है. कोरोना के दौरान जुबली पार्क बीते डेढ़ साल से बंद है. आम जन पार्क के अंदर प्रवेश नहीं कर सकते पर फिर भी कुछ लोग चोरी छुपे पार्क में प्रवेश कर रहे थे. पुलिस को यह जानकारी मिली है कि संटू दिन भर रिक्शा चलाता था और रात को अपने पांच साथियों के साथ मरीन ड्राइव के रास्ते चिड़ियाघर से होकर बहने वाले नाले होकर पार्क के अंदर घुसता था. 3 से 4 घंटे मछली पकड़ने के बाद सभी वहां से निकल जाते थे. रविवार को भी संटू अपने पांच साथियों के साथ घुसा था. उसके पांच साथी निकल गए पर वह वापस नहीं आया. जब परिजनों ने उसे खोजना शुरू किया तो पता चला की वह साथियों के साथ तालाब में मछली पकड़ने गया था. मंगलवार को सूचना मिली कि उसका शव तालाब में तैर रहा है जिसके बाद शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. इस घटना के बाद टाटा स्टील यूटिलिटी एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी की प्रवक्ता सुकन्या दास ने कहा कि पार्क की सुरक्षा सर्वोपरि है और यह चोरी छिपे घुसने के कारण ऐसी घटना घटी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और कंपनी पूरा सहयोग कर रही है.





