
जमशेदपुर : बुधवार को झारखंड में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई. सबसे अधिक राजमहल, साहेबगंज में 79 मीलिमीटीर बारिश दर्ज की गयी है. वहीं दुमका में सबसे अधिक तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और चाईबासा में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा. वही जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इस दौरान शहर में 29 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गयी. मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जिसका रुख अब बांग्लादेश और पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ रहा है. अगले दो-तीन दिनों में यह पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार से होते हुए गुजरेगा.
झारखंड में अगले तीन दिन 28, 29 और 30 जुलाई को हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी. वहीं 31 जुलाई को राज्य में बूंदाबांदी के आसार है. मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में 28 जुलाई को रांची, बोकारो, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, संताल परगना और कोल्हान में भारी बारिश की संभावना है. इसके साथ ही राज्य में कई जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की वज्रपात और गरज के साथ बारिश हो सकती है. 29 जुलाई को राज्य के उत्तर-पूर्वी और मध्य भाग में भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं 30 जुलाई को दक्षिण-पूर्वी राज्य में भारी बारिश होने की संभावना है. 31 जुलाई को पश्चिमी भाग में कही-कहीं पर बारिश होने की संभावना है. 1 जून से लेकर 28 जुलाई तक 463.2 एमएम बारिश रिकॉर्ड किया गया. आने वाले दिनों में झारखंड में अच्छी खासी बारिश देखने को मिलेगी.






