
जमशेदपुर : जमशेदपुर व आस-पास के इलाकों में बुधवार की सुबह से ही तेज धूप खिली है. इसके साथ ही आसमान में बादलों के उमड़ते-घुमड़ते रहने का भी अनुमान है. वहीं राज्य में दो दिन मॉनसून कमजोर पड़ सकता है. राजधानी रांची समेत अन्य इलाकों में आज बूंदा-बांदी के आसार है. इस दौरान राज्य में दोपहर बाद बारिश होने के भी आसार हैं. बीते मंगलवार को जमशेदपुर में बारिश नहीं हुई, लेकिन दिनभर आसमान में बादल छाए रहे. मौसम विभाग के अनुसार राज्य के देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामतारा, पाकुर, साहेबगंज, पूर्वी सिंहभूम, सिमडेगा व सरायकेला-खरसावां के कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जें के बारिश होने के आसार है. वहीं दो, तीन सितंबर को राज्य के पालमू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी व रामगढ़ के कुछ स्थानों पर बूंदा-बांदी के आसार है. मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में अगले दो दिन मॉनसून कमजोर होने के बाद चार व पांच को कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी. वहीं पांच सितंबर को झमाझम बारिश के साथ गर्जन होने की संभावना है.



