
जमशेदपुर: ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में फिर इजाफा किया है. इस बार भी गैस सिलेंडर की कीमत में 25 रुपये का इजाफा किया गया है. बढ़ी हुई कीमत एक सितंबर से प्रभावी है. इससे पहले 17 अगस्त को कीमत में वृद्धि हुई थी. तब भी 25 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी. दिल्ली में बगैर सब्सिडी वाले सिलेंडर की कीमत बढ़कर 884.50 रुपये हो गई है. हर राज्य में अलग-अलग टैक्स लगाये जाते है, जिससे प्रत्येक राज्य के एलपीजी के दामों में अंतर होता है. झारखंड में एलपीजी के 14.5 किलोग्राम वाले सिलेंडरों में 25 रुपये की वृद्धि हुई है. इधर, रांची में सिलेंडर की कीमत बढ़कर 942 रुपये हो गये. एक दिन पूर्व यह कीमत 917 रुपये थी. जमशेदपुर में जहां अगस्त माह में सिलिंडरों के भाव 899.50 होते थे, वह अब ग्राहकों को 924.50 रुपये में मिलेगे. वहीं सरायकेला-खरसांवा में जहां सिलेंडर 900 रुपये मिलते थे, अब वे 925 रुपये मिलेंगे. पश्चिमी सिंहभूम में जहां सिलेंडर 908.50 रुपये में मिलते थे, अब 933.50 रुपये में मिलेंगे. विदित हो कि गैर सब्सिडी वाले सिलेंडर की कीमत में एक वर्ष में छह बार बढ़ोतरी हुई है. पिछले सात वर्षों में रसोई गैस सिलेंडर की कीमत दोगुणी से अधिक हो गई है. 2014 में सिलेंडर की कीमत 410 रूपये के करीब थी. जो अब बढ़कर 900 रुपये को पार कर चुकी है.इससे आम लोगों के जेब पर अतिरिक्त खर्च बढ़ गया है. जिससे लोगों का आम बजट बिगड़ गया है.



