
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो विकास समिति के पदाधिकारियों की एक वर्चुअल बैठक समिति के अध्यक्ष ओंकार नाथ सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई. इसमें समिति की माह अगस्त की मासिक गतिविधियों की समीक्षा की गई. इस बैठक में मानगो में नगर निगम द्वारा संचालित कार्यक्रमों जैसे साफ-सफाई, निर्माण व मरम्मत के कार्य, घर-घर से कचड़ा उठाव, पथ-प्रकाश की मरम्मत, फॉगिंग, एन्टी लार्वा वैक्सीन का छिड़काव, पेयजल की आपूर्ति, विद्युत आपूर्ति सहित लगभग सभी आवश्यक मुद्दों पर विचार विमर्श हुआ. सदस्यों ने निगम द्वारा संचालित गतिविधियों पर असंतोष जाहिर किया खासकर सड़क और नाली निर्माण की धीमी रफ्तार व संवेदकों द्वारा घटिया निर्माण पर चिंता जताई गई. विदित हो कि अनेक सड़कों व नालियों का निर्माण व मरम्मत योजना में चयनित किया जा चुका है, फिर भी इस पर कार्य नहीं होना कहीं न कहीं जानबूझकर कार्य को लटकाए रखने की मानसिकता को दर्शाता है. समिति ने निगम के कार्यपालक पदाधिकारी दीपक सहाय का ध्यान आकर्षित करते हुए जल्द से जल्द लम्बित योजनाओं को पूरा करने व गुणवत्ता पर ध्यान देने की मांग की है. समिति ने मानगो की तीनों मुख्य सड़कों को अतिक्रमणमुक्त करने की अपनी पुरानी मांग दुहराई है तथा इस पर अविलम्ब कार्रवाई करने की मांग की है. समिति ने एक सप्ताह तक वेट एण्ड वाच के बाद प्रगति की समीक्षा करने का निर्णय लिया है और संतोषजनक प्रगति नहीं होने पर उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम व अन्य उच्चाधिकारियों के संज्ञान में मामले को लाने का फैसला किया है. बैठक में अध्यक्ष ओंकारनाथ सिंह के अतिरिक्त महासचिव विपिन झा, उपाध्यक्ष विकास जायसवाल, कोषाध्यक्ष रतन पटवारी, मो मतीउल्ला, बीएन सिंह, किरण सिंह अध्यक्षा महिला शाखा, हर्षित सिंह अध्यक्ष छात्र शाखा सहित अनेक पदाधिकारियों ने अपनी उपस्थित दर्ज की.




